-रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री के सामने उठाया सवाल, बोले, `केवल प्रतिमा अनावरण से पूरी नहीं होगी जिम्मेदारी’
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के दिवंगत उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर अजीत दादा के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे की असली वजह क्या थी? यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश थी? इस सवाल का जवाब अब तक सामने क्यों नहीं आया? राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुणे दौरे से पहले यह मुद्दा उठाते हुए विमान हादसे की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। रोहित पवार ने सोशल मीडिया मंच `एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि १६ नवंबर को अमित शाह पुणे में अजीत दादा की प्रतिमा का अनावरण करने वाले हैं। पुणे जिला परिषद में सत्ता होने के कारण दादा को मानने वाले नेताओं ने उनकी प्रतिमा स्थापित की, यह अच्छी बात है। लेकिन अजीत दादा के नाम पर सत्ता में मंत्री पद का लाभ उठाने वालों को पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने की इच्छा क्यों नहीं है? उन्होंने सत्ता पक्ष के नेताओं से भी जवाब मांगा। रोहित पवार ने कहा कि अजीत दादा का महाराष्ट्र के विकास में अमूल्य योगदान रहा है।
