-करोड़ों की परियोजनाओं पर देरी का साया
-अधूरे स्टेशन और जमीन की अड़चनें बनीं मुसीबत; कब मिलेगी मुंबईकरों को राहत?
जेदवी / मुंबई
मुंबई और ठाणे की परिवहन व्यवस्था को गति देने के नाम पर शुरू की गई मेट्रो-४ और मेट्रो-६ परियोजनाएं आठ साल बाद भी पूरी तरह पटरी पर नहीं उतर पाई हैं। निर्माण कार्य शुरू होने के इतने लंबे समय बाद भी दोनों मार्गों पर नियमित यात्री सेवा शुरू नहीं हो पाना परियोजनाओं की कार्यप्रणाली और नियोजन पर सवाल खड़े कर रहा है। कहीं अधूरे स्टेशन, कहीं तकनीकी प्रक्रियाएं तो कहीं जमीन की अनुपलब्धता विकास की रफ्तार में बाधा बनी हुई है। इसका खामियाजा रोजाना सड़क यातायात और भीड़भाड़ से जूझने वाले मुंबईकरों को भुगतना पड़ रहा है।
वडाला से कासारवडवली तक ३२.३२ किलोमीटर लंबे मेट्रो-४ कॉरिडोर पर ३० स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इस मार्ग से वडाला, घाटकोपर, विक्रोली, मुलुंड और ठाणे के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। लेकिन आठ साल बीतने के बावजूद पूरी परियोजना यात्रियों के लिए उपलब्ध नहीं हो सकी है। पहले चरण में परीक्षण किए जाने के बाद भी नियमित सेवा शुरू होने की प्रतीक्षा बनी हुई है। कुछ स्टेशनों का अधूरा निर्माण और तकनीकी औपचारिकताएं सेवा शुरू करने में देरी का कारण बन रही हैं।
दूसरी ओर, स्वामी समर्थ नगर से विक्रोली तक १५.३ किलोमीटर लंबी मेट्रो-६ परियोजना की स्थिति भी चिंताजनक है। इस मार्ग पर १३ स्टेशन प्रस्तावित हैं, जो जोगेश्वरी, पवई, कांजूरमार्ग और विक्रोली जैसे महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ेंगे। इससे पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच यात्रा का समय कम होने तथा सड़कों पर वाहनों का दबाव घटने की उम्मीद थी। लेकिन कांजूरमार्ग कारशेड के लिए जमीन की उपलब्धता, निर्माण संबंधी अड़चनें और कुछ स्टेशनों का अधूरा काम परियोजना को आगे बढ़ने से रोक रहा है।
आखिर कब तक इंतजार करेंगे मुंबईकर?
सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए शुरू की गई इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में लगातार हो रही देरी ने यात्रियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। मेट्रो के नाम पर निर्माण कार्य और बाधाओं का सिलसिला जारी है, जबकि रोजाना लाखों यात्रियों को सड़क और लोकल ट्रेनों की भीड़ पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
