मुख्यपृष्ठनए समाचारअस्पतालों में खून का टोटा...मरीजों की जिंदगी पर लटका खतरा!

अस्पतालों में खून का टोटा…मरीजों की जिंदगी पर लटका खतरा!

-टाटा मेमोरियल से सायन तक रक्त की किल्लत
-ऑपरेशन टालने की नौबत
-थैलेसीमिया के ३५० बच्चों की जिंदगी भी संकट में

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के अस्पतालों में अब मरीजों के इलाज के लिए दवाइयों के साथ खून का इंतजाम करना भी चुनौती बनता जा रहा है। शहर के प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों में रक्त की किल्लत ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है। हालात ऐसे हैं कि नियमित सर्जरी तक प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है। टाटा मेमोरियल अस्पताल ने रक्तदान के लिए सार्वजनिक अपील की है, वहीं सायन अस्पताल में रोजाना ९० से १२० यूनिट खून की जरूरत पूरी करना मुश्किल हो रहा है। सवाल है कि देश की आर्थिक राजधानी में मरीजों की जान बचाने वाली बुनियादी जरूरत का यह संकट आखिर क्यों खड़ा हुआ।
टाटा मेमोरियल अस्पताल के निदेशक डॉ. सी.एस. प्रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया पर रक्तदान की तत्काल अपील की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में रोजाना ३५ से ४० सर्जरी होती हैं। फिलहाल किसी तरह काम चलाया जा रहा है, लेकिन अगले सप्ताह स्थिति बिगड़ सकती है। रक्त की कमी जारी रही तो नियोजित सर्जरी में से आधी भी करना मुश्किल हो जाएगा। अस्पताल में ओ-पॉजिटिव और बी-पॉजिटिव रक्त समूह की विशेष कमी बताई गई है।
त्योहारों ने बढ़ाई मुश्किल
दिवाली की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग मुंबई से बाहर चले जाते हैं। इससे रक्तदान शिविरों में भागीदारी घटती है और ब्लड बैंकों का भंडार प्रभावित होता है। सेवानिवृत्त ब्लड बैंक अधिकारी अनिल गैरे के मुताबिक, इस कमी का सबसे गंभीर असर थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों पर पड़ता है। नायर, सायन और केईएम जैसे अस्पतालों में करीब ३०० बच्चे नियमित रक्त आधान पर निर्भर हैं। एक बाल अस्पताल में भी लगभग ३५० ऐसे बच्चे पंजीकृत हैं।
सायन में महज १४ यूनिट रक्त जुटा!
सायन अस्पताल में रक्तदान शिविर के जरिए महज १४ यूनिट खून ही जुट पाया, जबकि अस्पताल की रोजाना जरूरत ९० से १२० यूनिट है। ट्रॉमा सेंटर होने के कारण यहां दुर्घटना के मरीजों को तत्काल रक्त की जरूरत पड़ती है। उधर, नानावती मैक्स अस्पताल ने भी रक्त की कमी के चलते कुछ सर्जरी स्थगित होने की बात स्वीकार की है। कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों से रक्तदान की अपील की जा रही है। अब सवाल यह है कि अस्पतालों में रक्त का पर्याप्त भंडार बनाए रखने की जिम्मेदारी किसकी है? मरीजों की जिंदगी रक्तदाताओं की अपील के भरोसे कब तक रहेगी?

अन्य समाचार