मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई पर फिर आतंकियों की नजर?.. २६/११ की बरसी से पहले आतंकी...

मुंबई पर फिर आतंकियों की नजर?.. २६/११ की बरसी से पहले आतंकी साजिश की आहट!

-चाबड़ हाउस की रेकी करने वाला २० वर्षीय युवक गिरफ्तार
– विदेशी हैंडलरों के इशारे पर दक्षिण मुंबई की रेकी
– महाराष्ट्र एटीएस की जांच में अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क से संपर्क का खुलासा

सामना संवाददाता / मुंबई

२६/११ के आतंकी हमले के जख्म आज भी मुंबई के सीने पर ताजा हैं। उस हमले की बरसी से पहले एक बार फिर मुंबई के संवेदनशील ठिकानों की रेकी किए जाने का मामला सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों में कंप मच गया है। क्या आतंकियों की नजर एक बार फिर मुंबई पर है? क्या २६/११ की तरह किसी बड़ी वारदात की जमीन तैयार की जा रही थी? दक्षिण मुंबई के चाबड़ हाउस सहित महत्वपूर्ण ठिकानों की तस्वीरें खींचने और उनकी सटीक लोकेशन जुटाने के आरोप में २० वर्षीय युवक की गिरफ्तारी ने ऐसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क होने की जानकारी मिली थी। इसी सुराग के आधार पर नई मुंबई के ऐरोली निवासी यश सिंह को हिरासत में लिया गया। बाद में केरल के त्रिशूर जिले में दर्ज एक मामले के सिलसिले में केरल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी के मुताबिक, आरोपी को कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों और आपराधिक गिरोहों से जुड़े सोशल मीडिया संचालकों के निर्देश मिल रहे थे। उसे दक्षिण मुंबई, विशेषकर कोलाबा और आसपास के संवेदनशील इलाकों की जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया था।
चाबड़ हाउस था निशाने पर
आरोपी का काम केवल इलाके में घूमना नहीं था, बल्कि चाबड़ हाउस, यहूदी समुदाय के लोगों के कारोबारी प्रतिष्ठानों और विदेशी नागरिकों की आवाजाही वाले स्थानों की तस्वीरें लेना तथा उनकी सटीक लोकेशन भेजना भी था। इस काम के बदले उसे पैसे दिए जाते थे। सबसे गंभीर बात यह है कि चाबड़ हाउस वही स्थान है, जिसे २६ नवंबर २००८ को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने निशाना बनाया था। उस हमले में यहां कई निर्दोष लोगों की जान गई थी।

सोशल मीडिया बना साजिश का जरिया?
इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को लालच देकर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा रहा है? विदेशी हैंडलरों से कथित संपर्क, संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और लोकेशन जुटाने का काम किसी बड़ी साजिश की तैयारी का हिस्सा तो नहीं था? जांच एजेंसियां अब आरोपी के संपर्कों, आर्थिक लेन-देन और उसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। २६/११ की बरसी से पहले सामने आए इस मामले ने मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

 

अन्य समाचार