-पर्यावरणीय मंजूरी की शर्तें ताक पर रखने का दावा
-निष्पक्ष जांच और दोषियों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा रोड के विनय नगर इलाके में स्थित अपना घर हाउसिंग सोसायटी फेज-२ की ए-४ बिल्डिंग कमेटी ने डेवलपर सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निवासियों ने बिल्डर पर पर्यावरणीय मंजूरी और स्वीकृत विकास योजनाओं के गंभीर उल्लंघन का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव को औपचारिक शिकायत पत्र भेजने के अलावा निवासियों ने इस मामले में न्याय पाने के लिए उन्होंने अदालत में याचिका दाखिल करने का भी दावा किया है। कमेटी के अध्यक्ष पंकज शर्मा द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि ७ जनवरी २०२२ को जारी पर्यावरणीय मंजूरी के तहत १२,६६५ की आबादी वाले इस प्रोजेक्ट में कुल १,६७५ किलोलीटर प्रति दिन क्षमता के ३ सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जाने थे। लेकिन मौके पर केवल १ ही टैंक दिखाई दे रहा है, जिसे कथित तौर पर इमारतों के पास निर्धारित पार्विंâग क्षेत्र में निर्मित किया गया है। कमेटी ने पत्र में स्पष्ट किया है कि डेवलपर कंपनी से भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता जुड़े हुए हैं, अत: राजनीतिक प्रभाव से मुक्त होकर स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। निवासियों ने मांग की है कि दोषी बिल्डर व आर्किटेक्ट को ब्लैकलिस्ट सूचि में डाला जाए और मनपा के संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उन पर सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाए।
भाजपा विधायक ने आरोपों को किया खारिज
सभी आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने इसे केवल पंकज शर्मा द्वारा ब्लैकमेल करने का प्रयास बताया और अपना पक्ष रखते हुए जानकारी दी कि कंपनी ने डेढ़ वर्ष पहले ही सोसायटी और फेडरेशन को नियमानुसार हैंडओवर कर दिया है।
शिंदे गुट मैदान में, दिया न्याय का आश्वासन
दूसरी ओर, शिंदे गुट के मंत्री प्रताप सरनाईक, जिनके विधानसभा क्षेत्र में यह प्रोजेक्ट स्थित है, ने बताया कि उन्हें भी निवासियों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही मनपा आयुक्त और नगर रचना विभाग के अधिकारियों के साथ इस विषय पर चर्चा करेंगे तथा किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने देंगे।
अधूरी सुविधाओं पर उठे सवाल
निवासियों का यह भी आरोप है कि सभी इमारतों की सीवेज लाइनें शोधन संयंत्र से जुड़ी हैं या नहीं, इसकी तकनीकी जांच जरूरी है। घरों में फ्लशिंग और बागवानी के लिए शोधित (ट्रीटिड) पानी की सप्लाई न होने से पीने के पानी का दुरुपयोग हो रहा है। इसके अलावा, स्टैक पार्र्किंग, डीजल जनरेटर और अन्य अनिवार्य सुविधाओं को पूरा किए बिना ५ इमारतों को पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं।
