मुख्यपृष्ठस्तंभगजबे है : आज फिर समन पर प्यार आया है..!

गजबे है : आज फिर समन पर प्यार आया है..!

उमा सिंह

कोलकाता की सियासत में इन दिनों पुलिस के समन भी शायद कुछ ज्यादा ही ‘प्यार’ लेकर आ रहे हैं। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने पार्टी नेताओं को जारी पुलिस समन पर ऐसा तंज कसा कि मामला पूछताछ से निकलकर सीधे सियासी व्यंग्य के मंच पर पहुंच गया। महुआ ने समन को ‘प्यार भरे बुलावे’ बताते हुए कहा कि पुलिस जब भी बुलाएगी, पार्टी नेता पेश होंगे। आखिर इतना प्यार ठुकराना भी तो राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ होगा।
मामला वैâमक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में कथित अवैध होर्डिंग को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। २७ अगस्त को नगर निगम कर्मियों के होर्डिंग हटाने के दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों से झड़प हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ’ब्रायन पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश हो चुके हैं। महुआ का कहना है कि टीएमसी नेताओं को जब-जब समन भेजे जाएंगे, वे जाएंगे, लेकिन जनता भी सब देख रही है। उनके मुताबिक, बार-बार पूछताछ और पुलिस कार्रवाई से सरकार की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं और अंतत: इसका राजनीतिक नुकसान बीजेपी को ही हो सकता है। अब कहानी में थोड़ा ‘मसाला’ महुआ ने खुद डाला। उन्होंने नादिया में हुई अपनी एक पुरानी पूछताछ का जिक्र करते हुए दावा किया कि एक पुलिस अधिकारी ने उनसे माफी मांगी थी। कथित तौर पर अधिकारी ने कहा था कि उन्हें एसी कमरे में न बैठाने और सिर्फ पानी देने के निर्देश मिले थे।
महुआ ने इस पर भी तंज कसा, ‘कोई बात नहीं, मैं चाय पीती ही नहीं।’ यानी बंगाल की राजनीति में अब समन भी आ रहे हैं, पूछताछ भी हो रही है और व्यंग्य की चुस्कियां भी चल रही हैं। सवाल यही है कि पुलिस की कार्रवाई वास्तव में कानून की प्रक्रिया है या राजनीतिक टकराव का नया मोर्चा। फिलहाल टीएमसी का संदेश साफ है, बुलावा आएगा तो जाएंगे..!

अन्य समाचार