मुख्यपृष्ठसमाचारचंदौली में क्रिकेट खेलते समय हुई कहासुनी से क्षुब्ध 10वीं के छात्र...

चंदौली में क्रिकेट खेलते समय हुई कहासुनी से क्षुब्ध 10वीं के छात्र ने कोचिंग में ही साथी छात्र की चाकू मारकर हत्या की

उमेश गुप्ता / वाराणसी

चंदौली के कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर में शुक्रवार सुबह आदर्श इंटर कॉलेज में चल रही कोचिंग के दौरान एक किशोर ने अपने सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। घायल किशोर को शिक्षक और आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपित किशोर को चाकू के साथ हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना चार दिन पहले क्रिकेट खेलने के दौरान हुई कहासुनी का परिणाम है। प्रतापपुर गांव में स्थित आदर्श इंटर कॉलेज एक निजी विद्यालय है, जहां पिछले दस दिनों से कोचिंग की पढ़ाई चल रही थी। इस कोचिंग में फतेहपुर और प्रतापपुर गांव के 15 छात्र पढ़ाई कर रहे थे।
शुक्रवार को भी कक्षा सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। प्रबंधक के भाई एवं शिक्षक शिवदयाल यादव गणित पढ़ा रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर निवासी कक्षा 10 का एक छात्र, जो चाकू अपने झोले में छिपाकर लाया था, ने अपने सहपाठी पर हमला कर दिया। छात्र खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। शिक्षक ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, जबकि गांव के लोगों ने आरोपित किशोर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
आरोपित किशोर के पिता सियाराम जिला अस्पताल के महिला विंग में संविदा पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। बच्चों ने बताया कि चाकू बहुत नुकीला था और उसे ऑनलाइन मंगाकर घर पर रखा गया था। यह जानकारी किसी को नहीं थी कि वह चाकू स्कूल में लेकर आया है। गांव की महिलाओं ने बताया कि दोनों किशोरों के बीच अच्छी मित्रता थी, लेकिन चार दिन पहले क्रिकेट खेलते समय दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई थी।

अन्य समाचार

नाराजगी