भरतकुमार सोलंकी
क्या आपने कभी सोचा है कि दुनिया में सूरज सबसे पहले पूर्व में उगता है? कहीं-कहीं तो पश्चिम की तुलना में 12–13 घंटे पहले दिन शुरू हो जाता है। यानी मुंबई में जब सुबह होती है, तब सिएटल और न्यूयॉर्क जैसे शहरों में पिछली रात चल रही होती है। लेकिन सवाल यह है कि क्या सिर्फ सूरज जल्दी उगने से कोई समाज आगे निकल जाता है? या फिर असली फर्क इस बात से पड़ता है कि लोग अपने समय का उपयोग कैसे करते हैं?
मुंबई जैसे शहरों में सुबह का दृश्य देखिए। लोग ऐसे भागते दिखाई देते हैं, जैसे जिंदगी की अंतिम ट्रेन छूट रही हो। कोई सिग्नल पर खड़ी कार को लगातार हॉर्न बजा रहा है, कोई बाइक लेकर फुटपाथ पर चढ़ गया है तो कोई ट्रेन पकड़ने के लिए जान जोखिम में डाल रहा है। सवाल यह है कि क्या सच में इतनी जल्दी जरूरी थी? अगर एक घंटा पहले घर से निकलते तो क्या दुनिया रुक जाती? असल समस्या समय की कमी नहीं, बल्कि टाइम मैनेजमेंट की कमी है। निवेश की भाषा में समझें तो पैसा और समय दोनों “कैपिटल” हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि पैसा खो जाए तो दोबारा कमाया जा सकता है, लेकिन समय एक बार निकल जाए तो कभी वापस नहीं आता। फिर भी लोग पैसों के निवेश पर घंटों चर्चा करेंगे, लेकिन समय के निवेश पर नहीं।
क्या आपने गौर किया है कि जो व्यक्ति हर समय भागता रहता है, वह अक्सर मानसिक रूप से सबसे अधिक असंतुलित दिखाई देता है? सुबह से ही तनाव, गुस्सा, हॉर्न, गालियां और जल्दबाजी-क्या यही सफल जीवन का संकेत है? और सबसे बड़ा सवाल-इतनी भागदौड़ के बाद भी क्या जिंदगी के सारे काम पूरे हो जाते हैं?
सच्चाई यह है कि अधिकांश लोग जिंदगी भर दौड़ते रहते हैं, लेकिन कहीं पहुंचते नहीं। क्योंकि उन्होंने समय को “निवेश” की तरह नहीं, बल्कि “खर्च” की तरह उपयोग किया।
बड़ी कंपनियां भी समय का महत्व समझती हैं। वे हर कार्य के लिए सिस्टम, प्लानिंग और शेड्यूल बनाती हैं। क्योंकि उन्हें पता है कि बिना अनुशासन के पूंजी भी नष्ट होती है और समय भी। ठीक इसी तरह व्यक्ति को भी अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित करना होगा। जल्दी उठना, समय पर निकलना, कामों की प्राथमिकता तय करना और मानसिक शांति बनाए रखना—ये केवल आदतें नहीं, बल्कि “टाइम इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजी” हैं।
जरा सोचिए कि यदि रोज की जल्दबाजी, तनाव और अव्यवस्था में बचने वाला एक घंटा आप सीखने, स्वास्थ्य, परिवार या निवेश योजना बनाने में लगाएं, तो दस वर्षों में उसका परिणाम कितना बड़ा हो सकता है?
इसलिए अगली बार जब आप सड़क पर हॉर्न बजाते हुए भाग रहे हों, तो खुद से एक सवाल जरूर पूछिए-
क्या मैं समय बचा रहा हूं या अपनी जिंदगी को बिना योजना के खर्च कर रहा हूं? क्योंकि अंत में सफल वही होता है, जो केवल पैसे का नहीं, समय का भी निवेश करना सीख जाता है।
