मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिबाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा सम्मान समारोह एवं काव्य गोष्ठी का...

बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा सम्मान समारोह एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन

सामना संवाददाता / ठाणे 

साहित्य, शिक्षा एवं संस्कृति को समर्पित बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट, कल्याण पश्चिम, ठाणे द्वारा गुरुवार, 11 जून 2026 की संध्या सम्मान समारोह एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन संस्थापक अध्यक्ष शिव कुमार सिंह के आवास पर किया गया।
उक्त अवसर पर आकाशवाणी के उद्घोषक एवं वरिष्ठ कवि आनंद प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि तथा डॉ. ममता झा एवं डॉ. मनीषा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित थीं। महाराष्ट्र साहित्य अकादमी द्वारा सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार एवं सम्मानमूर्ति रामकृष्ण सहस्रबुद्धे ने काव्य गोष्ठी की अध्यक्षता की।
सम्मान समारोह का शुभारम्भ जागृति सिन्हा की सरस्वती वंदना से हुआ। तत्पश्चात अध्यक्ष शिव कुमार सिंह एवं सचिव सत्यभामा सिंह ने नागपुर से पधारे सम्मानमूर्ति रामकृष्ण सहस्रबुद्धे का पारंपरिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
काव्य पाठ की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए संचालिका सुश्री रीना धीमान ने सर्वप्रथम कवयित्री रिंकी सिंह को काव्य पाठ के लिए आमंत्रित किया। तत्पश्चात मीनाक्षी, किरन तिवारी, सुमंगला, सुमित्रा सखी, कविता झा, जागृति सिन्हा, कुसुम तिवारी, अनिल कुमार राही, रंजन सरल, कवि एवं पत्रकार विनय दीप शर्मा, सदाशिव चतुर्वेदी, रोशनी किरन, बिट्टू जैन, सत्यभामा सिंह ज़िया तथा रीना धीमान ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से सभी को प्रमुदित कर दिया।
काव्य पाठ के दूसरे दौर में वरिष्ठ कवि एवं पत्रकार विनय दीप शर्मा ने संचालक की भूमिका निभाते हुए बाहुबली सिंह को काव्य पाठ के लिए आमंत्रित किया। तत्पश्चात ओम प्रकाश सिंह निडर, ए.पी. द्विवेदी, शिव कुमार सिंह, डॉ. ममता झा, डॉ. मनीषा सिंह तथा मुख्य अतिथि आनंद प्रकाश सिंह ने अपनी विविध विषयों पर आधारित कविताओं से सुंदर समां बाँध दिया। आनंद प्रकाश सिंह की पंक्तियां— “स्त्री हो, जो तुम कंठ से नहीं गाती, तुम राग हो, जिसे ब्रह्मांड को गाना है”— विशेष रूप से सराही गईं।
अध्यक्ष एवं सम्मानमूर्ति रामकृष्ण सहस्रबुद्धे ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी काव्य पाठों की सराहना करते हुए भावपूर्ण कविता “पूछ रहा हूं, उत्तर दे दो… राम लिखा एक पत्थर दे दो” प्रस्तुत की।
उक्त गोष्ठी में उपस्थित सभी साहित्यकारों का सम्मान संस्था द्वारा पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर किया गया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष ए.पी. द्विवेदी ने मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, संचालक द्वय एवं सभी उपस्थित कवियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अन्य समाचार