पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान बाबर आजम ने पेशावर जाल्मी और लीजेंड्स इलेवन के बीच खेले गए एक प्रदर्शनी मैच में पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का सामना किया। बाबर ने अख्तर के खिलाफ बैक टू बैक बाउंड्री लगाई। अपनी खतरनाक रफ्तार के लिए जाने जाने वाले अख्तर अब ५० साल के हो गए हैं। जब वह अपने करियर के पीक पर थे तो कई बल्लेबाज उनसे घबराते थे। रावलपिंडी एक्सप्रेस की रफ्तार का सामना नहीं करना चाहते थे। बाबर आजम और शोएब अख्तर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अख्तर अपने अंदाज में गेंदबाजी करते हैं और बाबर उनकी गेंद पर जोरदार प्रहार करते हैं। बाबर ने पहले तो डीप स्क्वायर लेग पर एक गगनचुंबी छक्का और फिर दो चौके जड़े।
