कहा- पीएम को अधिकारी बना रहे बेवकूफ, सरकार वही चला रहे हैं
उमेश गुप्ता/वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र व राज्य सरकार पर चौतरफा हमला बोला। नीट (NEET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं से लेकर अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर उन्होंने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में सरकार प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि उनके अधिकारी चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी प्रधानमंत्री को गलत तथ्य बताकर गुमराह कर रहे हैं, जिसका नतीजा है कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तिथियों में भारी गड़बड़ियां देखने को मिल रही हैं। अजय राय ने प्रधानमंत्री के व्यक्तिगत जीवन और कार्यशैली पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वे जमीनी हकीकत से पूरी तरह कट चुके हैं।
छात्रों और युवाओं के मुद्दों को उठाते हुए अजय राय ने 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाले राहुल गांधी के विशाल छात्र संवाद कार्यक्रम का पोस्टर जारी किया। पोस्टर पर “जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा” का नारा दिया गया है।
अजय राय ने कहा, “राहुल गांधी नौजवानों के भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून के बाद अब वे संगम नगरी प्रयागराज आ रहे हैं। इस कार्यक्रम में बीएचयू, काशी विद्यापीठ, यूपी कॉलेज, हरिश्चंद्र और संपूर्णानंद समेत पूरे उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से लाखों छात्र हिस्सा लेंगे।”
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा राम मंदिर और शिवालयों में चढ़ावे की रसीद दिखाने संबंधी बयान पर अजय राय ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि चढ़ावे की कोई रसीद नहीं होती, रसीद केवल चंदे की कटती है।
अजय राय ने सवाल उठाते हुए कहा, “चढ़ावा अपनी स्वेच्छा से दिया जाता है। फ्रस्ट्रेशन और घबराहट में आकर इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं, क्योंकि चढ़ावा चोरी का मामला इनके सिर पर चिपक गया है। चंपत राय और अनिल मिश्रा की गिरफ्तारी अभी तक क्यों नहीं हुई? इस्तीफा देने वाले लोग गेरुआ वस्त्र पहनकर घूम रहे हैं, जो संतों का अपमान है।”
वहीं, उपचुनावों के नतीजों पर बोलते हुए अजय राय ने कहा कि दतिया में माता पीतांबरा की कृपा से कांग्रेस जीती है और बिहार में समर्थित सीटों पर मिली सफलता यह साबित करती है कि भाजपा के “हमारा बूथ सबसे मजबूत” के दावे की हवा निकल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि बिहार का यह चुनावी रुझान आने वाले समय में बनारस और पूरे उत्तर प्रदेश में भी दोहराया जाएगा।
