मुख्यपृष्ठसमाचारबिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार हुआ महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक का कथित...

बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार हुआ महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक का कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता

अनिल मिश्र / पटना

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे कथित पेपर लीक माफिया बिजेंद्र गुप्ता को बिहार के समस्तीपुर जिले स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बिजेंद्र गुप्ता कई महीनों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। उसे पकड़ने के लिए बिहार समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे बिहार से गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देश के कई हिस्सों में नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र आंदोलन जारी है। सीजेपी के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्र लगातार पेपर लीक सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, भिवंडी पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुणे पहुंच गई है। वहां से उसे भिवंडी पुलिस स्टेशन ले जाकर पूछताछ की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 28 जून को महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से पहले ही पेपर लीक का मामला सामने आया था। इस मामले में समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र गुप्ता को मुख्य आरोपी बनाया गया था। बताया गया कि वह लंबे समय से अपने गांव नहीं आ रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।
आरोप है कि लीक हुए प्रश्नपत्र को डेढ़ करोड़ रुपये में बेचने की साजिश रची जा रही थी। आरोपियों के पास से प्रश्नपत्र के चार सेट बरामद किए गए थे।
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में बिजेंद्र गुप्ता से पहले कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें उसकी पत्नी भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि बिजेंद्र की गिरफ्तारी से पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।

अन्य समाचार