उमेश गुप्ता / वाराणसी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद देश की राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर छात्रों के जश्न के बीच वाराणसी में भी महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में छात्रों ने खुशी मनाई। छात्रों ने एक-दूसरे को मेलोडी टॉफ़ी और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया तथा ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते हुए अपनी खुशी का इजहार किया।
छात्रों ने इसे छात्र आंदोलन की ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि लंबे समय से सरकार का रवैया छात्रों के प्रति तानाशाहीपूर्ण रहा है। उनका कहना था कि लगातार चले छात्र आंदोलन के दबाव में सरकार को झुकना पड़ा और छात्रों की आवाज़ को स्वीकार करना पड़ा।
इस दौरान छात्रों ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार मनमानी नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया, तो भविष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस्तीफा देना पड़ सकता है।
छात्रों के जश्न के दौरान परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र एकत्र होकर नारेबाजी करते रहे।
इसी क्रम में वाराणसी के हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के गेट पर समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर, मिठाइयां बांटकर और लोगों को मेलोडी टॉफ़ी खिलाकर जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नृत्य भी किया।
