मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
बागपत में पुलिस और मेरठ एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में ५० हजार का इनामी बदमाश विपुल उर्फ खूनी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ सिंघावली अहीर क्षेत्र में शनिवार शाम करीब ६ बजे हुई, जहां पुलिस ने बदमाश को घेरकर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, पुलिस और एसटीएफ को सूचना मिली थी कि अहीर गांव स्थित सिंचाई विभाग के बंगले के पास विपुल मौजूद है। इसके बाद संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख विपुल ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से करीब १२ राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान विपुल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे पहले पिलाना सीएचसी ले गई, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने बताया कि विपुल उर्फ खूनी कुख्यात सुशील मूंछ गैंग का शार्प शूटर था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हत्या, लूट, रंगदारी, अपहरण और गैंगस्टर एक्ट सहित गंभीर अपराधों के ३६ मुकदमे दर्ज थे। शामली पुलिस ने उस पर ५० हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ स्थल से दो पिस्टल, एक मोटरसाइकिल और कई खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है और बदमाश के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
