रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। मंत्री दिनेश सिंह के विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से बीजेपी डिस्टर्ब है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में बीजेपी कार्यकर्ता और पदाधिकारी कांग्रेस का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपनी पार्टी गर्त में जाती दिख रही है।
बता दें कि राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली में हैं। दौरे के पहले दिन ही राहुल गांधी के काफिले के सामने बीजेपी मंत्री दिनेश सिंह और उनके समर्थकों ने जमकर प्रदर्शन किया। मंत्री दिनेश सिंह ने उनके खिलाफ `गो बैक’ के नारे लगाए। इसी विरोध को लेकर राहुल गांधी जब बुधवार को अपने तीसरे कार्यक्रम स्थल गोरा बाजार पहुंचे, तो उन्होंने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा सच साबित हो रहा है और हम इसे बार-बार साबित करेंगे। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
`चुनाव आयोग कर रहा है तानाशाही’
राहुल, बटोही रिसॉर्ट में अपने पहले कार्यक्रम में पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, `पहले लोग कहते थे कि दाल में जरूर कुछ काला है, लेकिन किसी के पास कोई सबूत नहीं थे। अब सबूत हैं। वोट चोरी हो रही है। इसे रोकना होगा। विरोध के बाद भी चुनाव आयोग तानाशाही कर रहा है।
डरी भाजपा ने रायबरेली में रोका राहुल गांधी का काफिला
राहुल गांधी के रायबरेली में दौरे के बीच जमकर हंगामा हुआ। बीजेपी नेता दिनेश प्रताप सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ नारेबाजी की। मंत्री और उनके समर्थक राहुल गांधी के काफिले के आगे सड़क पर बैठ गए और राहुल गांधी को वापस भेजने के लिए नारेबाजी करने लगे, जिसके बाद पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शन की वजह से कुछ मिनटों तक राहुल गांधी का काफिला रुका रहा।
