सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में वित्त मंत्रालय को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि अजीत पवार के निधन के बाद भाजपा ने वित्त मंत्रालय अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को यह विभाग कभी नहीं सौंपा जाएगा। रोहित पवार के इस बयान ने महायुति सरकार के भीतर सत्ता और अधिकारों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान फिर उजागर कर दी है। रोहित पवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह भाजपा की राजनीति को अच्छी तरह समझते हैं, इसलिए उससे दूरी बनाकर रखते हैं। उनका आरोप है कि अजीत पवार के जाने के बाद उनकी पार्टी को वह सम्मान और अधिकार नहीं मिला, जिसकी अपेक्षा थी। उन्होंने यह भी कहा कि अजीत पवार को उनकी अपनी पार्टी और भाजपा, दोनों ही उचित न्याय नहीं दे सकीं। गौरतलब है कि अजीत पवार महाराष्ट्र सरकार में वित्त मंत्री थे और मार्च में राज्य का बजट पेश करने वाले थे।
