अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश के चतरा जिले से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। दरअसल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कल सोमवार की रात 9वीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। इस अप्रत्याशित घटना के बाद विद्यालय और हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल, छात्रा के इस आत्मघाती कदम के पीछे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस संबंध में विद्यालय छात्राओं ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे छात्रावास की सभी छात्राएं रात के खाने के लिए नीचे आई थीं। जब एक छात्रा काफी देर तक भोजन के लिए नीचे नहीं पहुंची, तो उसकी सहपाठियों ने उसे आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर सहेलियां उसे बुलाने के लिए कमरे में गईं। कमरे का मंजर देखते ही छात्राओं के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल हॉस्टल की वार्डन और विद्यालय की शिक्षिकाओं को घटना की सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने आनन-फानन में छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शिक्षिकाओं और विद्यालय प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका बीते 28 अक्टूबर को ही अपने घर से छुट्टियां बिताकर वापस विद्यालय लौटी थी। घर से लौटने के महज कुछ ही दिनों के भीतर उठाए गए इस आत्मघाती कदम से हर कोई हैरान है। इस घटना के बाद से हॉस्टल में रह रही अन्य छात्राओं के बीच काफी डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
