मुख्यपृष्ठनए समाचारराजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सीयूएसबी के विद्यार्थियों ने...

राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सीयूएसबी के विद्यार्थियों ने प्राप्त किया तृतीय पुरस्कार

अनिल मिश्र / पटना

दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के 30 सदस्यीय विद्यार्थी एवं शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूआरएजे) में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन किया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में सीयूएसबी की टीम ने छऊ नृत्य, ओडिसी शास्त्रीय नृत्य एवं हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। विद्यार्थियों के साथ सीयूएसबी सांस्कृतिक समिति के सदस्य, अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग की डॉ. वी. परिमला वेणु, मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग के डॉ. सुदर्शन बेहेरा तथा दल प्रभारी श्री अभिषेक गुप्ता उपस्थित थे। छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. पवन कुमार मिश्रा सहित विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रदान किए गए सहयोग एवं मार्गदर्शन ने इस सहभागिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक शोभायात्रा में भाग लेते हुए बौद्ध परंपराओं, झिझिया, सामा-चकेवा, छठ पर्व तथा बिहार की पारंपरिक विवाह परंपराओं को दर्शाती आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने राज्य की लोक परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं एवं समृद्ध सामाजिक विरासत को प्रदर्शित किया। सीयूएसबी के दस विद्यार्थियों की टीम ने ऊर्जावान छऊ नृत्य प्रस्तुति दी, जिसके लिए विश्वविद्यालय को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। ओडिशा के शास्त्रीय नृत्य ओडिसी की एकल प्रस्तुति को भी तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ एकल एवं समूह गायन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय से जुड़े बिहार समुदाय ने भी बिहार की सांस्कृतिक विरासत के उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व के लिए सीयूएसबी के प्रतिनिधिमंडल को सम्मानित किया।इस संबंध में दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के जन संपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि सीयूएसबी के प्रतिनिधिमंडल में 24 विद्यार्थी शामिल थे जो क्रमशः रुचिर मनोहर, अदिति सिंह, अनमोल कुमारी, प्रगति पांडेय, अस्वना बीनू, शालिनी पोद्दार, हृतिकांखी गजधई, सलोनी कुमारी, इशिता कुमारी, आयुषी कुमारी, कुमार लकी आर्यन, वल्ली राज, सभ्यता कुमारी, विकास परमार, राम नरेश, रोहित कुमार, तान्या श्री, समृद्धि कौशल, सुनीता तिर्की, किशोर राज, आराध्या कुमारी, प्रियंशु मंडल, तेज प्रकाश एवं लक्ष्मी कांत शुक्ला। यह उपलब्धि सीयूएसबी के विद्यार्थियों की प्रतिभा, समर्पण एवं सांस्कृतिक उत्साह को प्रतिबिंबित करती है। साथ ही, राष्ट्रीय मंच पर बिहार की लोक एवं शास्त्रीय कलाओं, परंपराओं तथा सांस्कृतिक विविधता को पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है।

अन्य समाचार