हिमांशु राज
पूर्व क्रिकेटर और अभिनेता सलील अंकोला फैशन के मामले में पूरी तरह सादगी पसंद हैं। वे कहते हैं कि उन्हें ब्रांडेड या डिज़ाइनर कपड़ों का कोई शौक नहीं है। उनका फैशन मंत्रा बिलकुल साफ है—जो कपड़ा फिट हो जाए, वही पहन लेते हैं, किसी डिज़ाइनर की नई कलेक्शन या ब्रांड के नाम पर समय बर्बाद करना उन्हें ज़रा भी पसंद नहीं। सलील अपनी बड़ी चेस्ट साइज़ का भी ज़िक्र करते हैं और कहते हैं कि भारत के डिज़ाइनर उनके लिए सही फिट शायद ही बना सकते हों।
सलील की राय है कि सोशल मीडिया पर कई बार देखा गया है कि डिज़ाइनर कपड़ों की असली कीमत कुछ और होती है और टैग लगाकर उसे कई गुना महंगा बेच दिया जाता है। उनके अनुसार यह ट्रेंड जायज़ नहीं है, लेकिन लोग खरीद रहे हैं तो बिक रहा है। खुद सलील ऐसे महंगे ब्रांड्स से दूर रहते हैं और उनकी सबसे पसंदीदा चीज़ हार्ले डेविडसन बाइकर बूट्स और जैकेट हैं, जिन्हें वे बहुत संभालकर रखते हैं।
मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर तय कर चुके सलील फिटनेस को जरूर प्राथमिकता देते हैं, लेकिन फैशन के मामले में बेहद सहज रहते हैं। वे कहते हैं कि उनके लिए फैशन का मतलब है बिना किसी दिखावे के साधारण जीन्स-टीशर्ट, शॉर्ट्स या ट्रैक पैंट पहनना। वे फॉर्मल लेदर शूज़ भी पसंद नहीं करते, अक्सर स्नीकर्स में ही नज़र आते हैं। उनके परिवार में भी किसी को ब्रांड्स या फैशन के लिए खास आग्रह नहीं है, इसलिए ये चीज़ें उनकी ज़िंदगी में कभी महत्वपूर्ण नहीं रहीं।
