मुख्यपृष्ठसमाचारवंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय...

वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा व आरएसएस को लिया आड़े हाथ

उमेश गुप्ता / वाराणसी

देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका को स्मरण करते हुए सोमवार को लहुराबीर स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आवासीय कार्यालय पर ‘वंदे मातरम्’ गीत का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय तथा गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद उपस्थित कांग्रेसजनों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल शब्दों और स्वरों का गीत नहीं है, बल्कि यह भारत की गुलामी के दौर में करोड़ों भारतीयों के भीतर पैदा हुई स्वतंत्रता की चेतना, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की आवाज है। यह गीत उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों की भावनाओं से जुड़ा है जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने से इनकार किया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।आज जब हम ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर रहे हैं, तो हमारा उद्देश्य उस इतिहास को याद करना है जिसमें देश के करोड़ों लोगों ने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर आजादी की लड़ाई लड़ी थी।
आज जो लोग राष्ट्रभक्ति के प्रमाण पत्र बांट रहे हैं, उन्हें एक बार अपने इतिहास के पन्ने भी पलटकर देखने चाहिए। जिस आरएसएस के लोगों ने लंबे समय तक अपने मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया, वे आज कांग्रेस और देश के स्वतंत्रता सेनानियों को राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं कांग्रेस के नेताओं और लाखों कार्यकर्ताओं ने अंग्रेजी हुकूमत की जेलें काटी हैं, लाठियां खाई हैं, यातनाएं सहीं हैं और देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान किया है। आजादी के आंदोलन में कांग्रेस की भूमिका को देश का इतिहास कभी मिटा नहीं सकता जिस संगठन को आज राष्ट्रभक्ति की इतनी चिंता दिखाई देती है, उसे पहले अपने इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अपनी भूमिका पर भी बात करनी चाहिए।

अन्य समाचार