मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिमुकेश खन्ना ने सिंगर शान के साथ लॉन्च किया 'शिव तांडव स्तोत्रम'

मुकेश खन्ना ने सिंगर शान के साथ लॉन्च किया ‘शिव तांडव स्तोत्रम’

सामना संवाददाता / मुंबई

प्रसिद्ध अभिनेता मुकेश खन्ना, जिन्होंने टेलीविजन पर शक्तिमान और भीष्म पितामह बनकर ख्याति अर्जित किया था, ने अपने नए गीत ‘शिव तांडव स्तोत्रम’ के जरिए एक खास पहल की है। उन्होंने प्रसिद्ध संस्कृत स्तोत्र को हिंदी में प्रस्तुत किया है, ताकि इसके अर्थ और भाव को ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से समझ सकें।
मुंबई में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शिव तांडव स्तोत्रम का अनावरण किया गया। उसी अवसर पर मुकेश खन्ना के साथ सिंगर शान भी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में “आओ बच्चों” को भी लॉन्च किया गया। यह गीत भारत के उन स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित है, जिनका योगदान इतिहास में तो दर्ज है, लेकिन जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।
‘शिव तांडव स्तोत्रम’ की सबसे खास बात यह है कि मुकेश खन्ना ने इसमें अभिनय करने के साथ-साथ इसे अपनी आवाज भी दी है। वीडियो में वह अलग-अलग भूमिकाओं में दिखाई देते हैं और पूरी प्रस्तुति को एक भव्य रूप देने की कोशिश की गई है। इस गीत के पीछे मुकेश की एक व्यक्तिगत भावना भी जुड़ी हुई है। उन्होंने बचपन में अपने पिता को शिव तांडव स्तोत्रम का पाठ करते हुए सुना था। उसी बचपन की स्मृति ने उन्हें इस स्तोत्र को आम लोगों तक एक सरल भाषा में पहुंचाने की प्रेरणा दी।
मुकेश खन्ना का मानना है कि शिव तांडव स्तोत्रम को सदियों से लोग सुनते और पढ़ते आ रहे हैं, लेकिन संस्कृत की कठिन भाषा के कारण बहुत से लोग इसके अर्थ से परिचित नहीं हैं। इसी वजह से उन्होंने इसका हिंदी रूप तैयार करने का फैसला किया। उनका प्रयास है कि लोग इस स्तोत्र को केवल एक धार्मिक पाठ के रूप में न सुनें, बल्कि इसके शब्दों में छिपे भाव और अर्थ को भी समझें।
इस तरह यह प्रस्तुति पुराने समय की आध्यात्मिक विरासत को आज की पीढ़ी से जोड़ने की कोशिश करती है। इस गीत का संगीत नवीन शर्मा ने तैयार किया है। संगीत में पारंपरिक भक्ति भाव के साथ प्रभावशाली धुन का इस्तेमाल किया गया है, जिससे गीत को सुनने के साथ-साथ देखने का अनुभव भी खास बनता है।
वीडियो के लिए Blisz Entertainment ने एआई आधारित दृश्य प्रभाव तैयार किए हैं। इस काम का नेतृत्व विजय भानुशाली ने किया है। वीडियो में भव्य दृश्य और आध्यात्मिक वातावरण बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रसिद्ध पार्श्वगायक शान ने पूरे कार्यक्रम में मुकेश खन्ना का साथ दिया।
गीत के जारी होने के बाद इसे लेकर लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई लोगों ने मुकेश खन्ना की आवाज और हिंदी में किए गए इस प्रयास की तारीफ की है।
कुछ श्रोताओं ने कहा कि हिंदी में प्रस्तुति होने के कारण उन्हें पहली बार शिव तांडव स्तोत्रम के कई भाव और अर्थ समझने का मौका मिला। वहीं, वीडियो की भावनात्मक और भव्य प्रस्तुति को भी दर्शकों ने पसंद किया है।
कई लोगों के लिए यह गीत केवल एक डिवोशनल सॉन्ग नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का एक नया माध्यम बनकर सामने आया है।

अन्य समाचार