– बड़ी दुर्घटनाओं से बचे वाहन चालक
सामना संवाददाता / मुंबई
नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। समृद्धि महामार्ग पर अज्ञात लोगों ने कई मीटर तक यहां बड़ी-बड़ी कीलें ठोक दीं। इस महामार्ग से गुजरने वाले तेज रफ्तार कई वाहन बड़े हादसे का शिकार होने से बचे। दर्जनों वाहनों के पहिए पंक्चर हो गए। आधी रात लोग परेशान नजर आए। लोगों ने स्पॉट पर वीडियो बनाया, जो अब वायरल हो रहा है। यह एक बड़ी साजिश तो नहीं है इसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है।
बताया जाता है कि मंगलवार देर रात नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग पर एक पुल पड़ता है। यहां पर सड़क की सतह पर ठोकी गई नुकीली कीलों की कतारों के कारण कई गाड़ियों के टायर पंक्चर हो गए, जिससे उन्हें अचानक रुकना पड़ा। इंटरनेट पर सामने आए एक वीडियो में एक्सप्रेसवे का सीन पूरा दिखाई दे रहा है। पुल पर कतारों में कीलें ठोकी गई हैं। रात में शूट किए गए इस वीडियो में जिस लेन पर कीलें ठोकी गई हैं, उसके बगल से धीमी गति से चलने वाला ट्रैफिक दिखाई दे रहा है।
लोगों ने बताया साजिश, उठाए सवाल
-पुलिस को क्यों नहीं लगी भनक- वीडियो को बनाते हुए राहगीरों ने इसे बड़ी साजिश बताया। लोग एक्शन की मांग करने लगे। सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि कई मीटर तक कीलों को पुल पर ठोक दिया गया और पुलिस या किसी अफसर को इसकी भनक तक नहीं लगी।
– सवालों के घेरे में निर्माण कंपनी- इसी बीच सामने आया कि असल में उस इलाके में सड़क मरम्मत का काम कर रही एक निर्माण कंपनी ने ये कीलें लगाई थीं।
– बैरिकेडिंग क्यों नहीं हुई- रिपोर्टों के अनुसार, कई वाहन चालकों ने सवाल उठाया कि अगर मरम्मत का काम चल रहा था, तो बैरिकेडिंग या चेतावनी के संकेत क्यों नहीं लगाए गए थे।
– रात में क्यों लगाई कीलें- उन्होंने यह भी पूछा कि कीलें दिन के बजाय रात में आनन-फानन में क्यों लगाई गईं, जबकि समस्या का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जा सकता था और यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए थी।
– हो सकती थीं बड़ी दुर्घटनाएं- स्थिति और भी बदतर हो सकती थी, कई लोगों ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से पंक्चर हुए टायर बड़ी दुर्घटनाओं या मौतों का कारण बन सकते थे।
