मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
बस्ती के दुबौलिया थाना क्षेत्र स्थित बभरौली गांव में एक युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। पिता ने दोनों को खेत में आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। नाराज होकर उसने बेटी को पीट दिया। युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर पिता का गला घोंट दिया और शव को नहर किनारे झाड़ियों में ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवती और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। छावनी थाना क्षेत्र स्थित रमवापुर तिवारी निवासी कृष्णा प्रसाद (50) की पुत्री दुर्गा (18) शुक्रवार की सुबह बकरी चराने गई थी। लेकिन काफी देर तक वह घर नहीं लौटी तो उसके पिता कृष्णाप्रसाद उसके तलाशते हुए दुबौलिया थाना क्षेत्र स्थित बभरौली नहर की तरफ गए। उन्होंने अपनी बेटी को उसके प्रेमी लक्ष्मन (21) के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। नाराज होकर डंडे से उन्होने बेटी ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। यह देखकर लक्ष्मन आगे बढ़कर कृष्णा प्रसाद से भिड़ गया और उनके हाथ से डंडा छीनकर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगा। दुर्गा ने हंसिये से पिता कृष्णा प्रसाद पर कई वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने उन्हें पटक दिया और गमछे से उनका गला घोंट दिया।
कृष्णा प्रसाद की हत्या करने के बाद दोनों ने उनका शव नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और अपने-अपने घर चले गए। देर रात तक कृष्णा प्रसाद के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उनके भाई कांशीराम ने शक के आधार पर दुर्गा से कड़ाई से पूछताछ की। उसने बताया कि लक्ष्मन के साथ मिलकर उसने पापा को मारकर नहर किनारे फेंक दिया है। इसकी जानकारी किसी ने पुलिस को दे दी। देर रात गांव में पहुंची पुलिस ने शव को झाड़ियों से बरामद किया और हत्या का मुकदमा दर्ज कर दुर्गा तथा लक्ष्मन को गिरफ्तार कर लिया। एसपी बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि पूछताछ में पता चला है कि प्रेम-सम्बंध में अड़चन डालने पर बेटी व उसके प्रेमी ने मिलकर कृष्णा प्रसाद की धारदार हथियार से हत्या कर दी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया
कृष्णा का शव बरामद होने के बाद देर रात साढ़े 11 बजे परिजनों ने यूपी 112 पर घटना की सूचना दी। थोड़ी ही देर में एसएचओ छावनी और एसओ दुबौलिया मय फोर्स गांव में पहुंच गए। थोड़ी देर बाद सीओ कलवारी बृजेश सिंह भी गांव में पहुंच गए। पूछताछ में हत्या की वजह सामने आने के बाद पुलिस ने सबसे पहले आरोपी लक्ष्मण को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। साथ ही मृतक की बेटी दुर्गा को भी महिला पुलिस की अभिरक्षा में हिरासत में लेकर पुलिस थाने चली गई। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया।एसओ दुबौलिया जीवन त्रिपाठी ने बताया कि कृष्णा प्रसाद की हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक के भाई कांशीराम ने थाने पर तहरीर दी है। इसके आधार पर मृतक की बेटी दुर्गा व उसके प्रेमी लक्ष्मण निवासी बभरौली थाना छावनी पर हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया है। दोनों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में प्रयुक्त हथियार को बरामद करने में जुटी है।”
