अनिल मिश्र / पटना
देश के डबल इंजन की सरकार छह महीने के बाद नहीं रहेगी। जो नयी सरकार आएगी वो गरीबों की सरकार होगी। गरीब महिलाओं, दलितों, पिछड़ों की सरकार होगी। नीतीश कुमार एक जमाने में समाजवाद की बात करते थे। पूरे देश में जाकर लोहिया, जॉर्ज फर्नांडिस के गुण गाते थे लेकिन अब भाजपा और आरएसएस की झोली में जा गिरे हैं। बिहार प्रदेश में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा के समापन के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभा संबोधित करते हुए कहा कि इस पन्द्रह दिन की यात्रा पूरे देश में चर्चा चली।
भाजपा ने इसमें रुकावट डालने की भरपूर कोशिश की लेकिन इंडिया गठबंधन के लोग राहुल जी या तेजस्वी जी नहीं डरे। वोट चोरी करने वाले पैसा चोरी करने की भी आदत रखते हैं। बैंक से चोरी कर बाहर जाने वालों को भी यह संभालते हैं। मोदी जी बिहार में वोट चोरी कराकर जीतना चाहते हैं। इसके आगे उन्होंने कहा कि अगर सतर्क नहीं रहेंगे तो यह मोदी और शाह आपको डुबा देंगे। आजादी के बाद जो वोट का अधिकार दिलाया गया, उसे खोना नहीं। यह महात्मा गांधी, आंबेडकर और नेहरु जी ने अधिकार दिया है। बिहार प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला करते हुए खड़गे ने कहा कि यह आरएसएस वाले आपको कचरा में जाकर फेकेंगे। खड़गे ने पुलिस को राहुल गांधी की यात्रा रोकने के लिए भी आड़े हाथ लिया। उसके बाद उन्होंने नारा लगवाया- मोदी को हटाओ।
इसके साथ ही पुनः दोहराया कि छह महीने बाद देश में डबल इंजन सरकार नहीं रहेगी।जो नई सरकार बनेगी वो गरीबों, दलितों, पिछड़ों की सरकार होगी।
