-शिक्षा व साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान पर नेपाल में किये गए सम्मानित
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
अवध के प्रतिष्ठित महाविद्यालयों में शुमार डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध राणाप्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संतोष कुमार सिंह ‘अंश’ को शिक्षा, साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “अंतरराष्ट्रीय ज्ञान गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया है ।यह सम्मान उन्हें लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय (नेपाल) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के अवसर पर प्रदान किया गया। जिसका आयोजन”शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और वैश्विक विमर्श : चुनौतियां, अवसर एवं संभावनाएं” विषय पर किया गया। सम्मान-पत्र में उल्लेख किया गया कि डॉ. संतोष कुमार सिंह ने अध्यापन, शोध, शैक्षिक नवाचार एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए शिक्षा जगत में विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें “अंतरराष्ट्रीय ज्ञान गौरव सम्मान” से अलंकृत किया गया।
इस अवसर पर लुम्बिनी बौद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. संतोष कुमार सिंह को यह सम्मान मिलने पर राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अध्यक्ष, प्रबंधक प्राचार्य,शिक्षकों, शिक्षाविदों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामना प्रेषित कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. सिंह भविष्य में भी शिक्षा, शोध एवं समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से संस्थान एवं जनपद का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
