मुख्यपृष्ठनए समाचार‘गद्दार’ कहे जाने पर एकनाथ शिंदे को लगी मिर्ची!

‘गद्दार’ कहे जाने पर एकनाथ शिंदे को लगी मिर्ची!

 -शिंदे गुट के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री के सामने जताई नाराजगी; जरांगे की जुबान पर लगाम लगाने की मांग

सामना संवाददाता / मुंबई

राज्य में इन दिनों महायुति सरकार के खिलाफ जनता के मन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आरक्षण के मुद्दे पर सरकार की जमकर छीछालेदर हो रही है। मराठा नेता मनोज जरांगे और एकनाथ शिंदे गुट के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। जरांगे पाटील लगातार एकनाथ शिंदे को ‘गद्दार’ कहकर निशाना बना रहे हैं। इसे लेकर अब शिंदे गुट में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है। एकनाथ शिंदे को लेकर इस्तेमाल किए जा रहे इस संबोधन पर शिंदे गुट के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने आपत्ति जताई है।
दरअसल, शिवसेना से गद्दारी करने के बाद से एकनाथ शिंदे को ‘गद्दार’ कहकर निशाना बनाया जाता रहा है। अब मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान भी यही संबोधन इस्तेमाल किए जाने से शिंदे गुट की बेचैनी बढ़ गई है। इसी पृष्ठभूमि में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में जरांगे की भाषा को लेकर तीखी नाराजगी जताई गई।
सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट के मंत्रियों सहित कई मंत्रियों ने मुख्यमंत्री के सामने जरांगे की कथित आपत्तिजनक भाषा का मुद्दा उठाया। मंत्रियों ने मांग की कि आंदोलन के दौरान सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ इस्तेमाल की जा रही भाषा पर लगाम लगाई जानी चाहिए। उनका कहना था कि सरकार मराठा समाज के लिए लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रही है।

अन्य समाचार