मुख्यपृष्ठखेलइंग्लैंड ने बिगाड़ा भारत का खेल...पाकिस्तान से हारे तो वर्ल्ड कप से...

इंग्लैंड ने बिगाड़ा भारत का खेल…पाकिस्तान से हारे तो वर्ल्ड कप से छुट्टी!

– २-४ की हार ने फंसाया समीकरण;
-अब भारत-पाकिस्तान मुकाबला बना ‘करो या मरो’

अम्स्टेलवीन। हॉकी वर्ल्ड कप २०२६ में इंग्लैंड ने भारत का पूरा समीकरण बिगाड़ दिया है। पूल-डी के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम को इंग्लैंड के हाथों २-४ से हार झेलनी पड़ी। भारत ने पहले मैच में वेल्स को ३-१ से हराकर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद टीम के दो मैचों में केवल तीन अंक रह गए हैं। अब भारत का अगला मुकाबला १९ अगस्त को पाकिस्तान से है और यही मैच तय करेगा कि हरमनप्रीत सिंह की टीम अगले दौर में जाएगी या उसका सफर यहीं खत्म हो जाएगा। पाकिस्तान भी इंग्लैंड से अपना मुकाबला १-४ से हार चुका है, इसलिए उसके लिए भी भारत के खिलाफ मैच बेहद अहम है। समीकरण साफ है। भारत पाकिस्तान को हरा देता है तो उसके छह अंक हो जाएंगे और अगले दौर में पहुंचने की राह मजबूत हो जाएगी। अगर मुकाबला ड्रॉ रहता है तो भारत को इंग्लैंड-वेल्स मैच के नतीजे और गोल अंतर पर निर्भर रहना पड़ सकता है। लेकिन पाकिस्तान से हार भारत के अभियान को लगभग निश्चित तौर पर खत्म कर देगी। इंग्लैंड के खिलाफ भारत मध्यांतर तक २-१ से आगे था, लेकिन दूसरे हाफ में लगातार तीन गोल खाकर मैच गवां बैठा। अब उसी चूक की कीमत पाकिस्तान के खिलाफ चुकानी पड़ सकती है। यानी अब पाकिस्तान से मुकाबला सिर्फ प्रतिष्ठा की लड़ाई नहीं, वर्ल्ड कप में बने रहने की अंतिम परीक्षा है।

अन्य समाचार