मुख्यपृष्ठनए समाचारशिंदे गुट में गद्दारों के भी जूनियर, सीनियर और सुपीरियर गुट बने-आदित्य...

शिंदे गुट में गद्दारों के भी जूनियर, सीनियर और सुपीरियर गुट बने-आदित्य ठाकरे का तंज

सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए महायुति सरकार में कथित भ्रष्टाचार, भारतीय जनता पार्टी की दल-बदल की राजनीति और एकनाथ शिंदे गुट के भीतर बढ़ती गुटबाजी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि गद्दार गुट में अन्य दलों से आए नेताओं को बड़े पद मिलने लगे हैं। इससे शिंदे गुट के भीतर यह होड़ मच गई है कि कौन ‘जूनियर गद्दार’ है, कौन ‘सीनियर गद्दार’ और कौन ‘सुपीरियर गद्दार’।

उन्होंने कहा कि शिंदे गुट में शामिल हुए लोग अब भी किसी बड़े पद या लाभ की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि दूसरी ओर भाजपा और संघ के कार्यकर्ता परेशान हैं कि इतनी बड़ी सत्ता होने के बावजूद उन्हें महत्वपूर्ण पद कब मिलेंगे।

भ्रष्टाचारियों को ही भाजपा मंत्री और मुख्यमंत्री बनाती है
– आदित्य ठाकरे का भाजपा पर साधा निशाना

आदित्य ठाकरे ने एकनाथ शिंदे गुट की आंतरिक राजनीति पर निशाना साधते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं की नाराजगी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार करनेवालों को ही मंत्री या मुख्यमंत्री बनने का अधिक अवसर मिलता है।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि जो कुछ शिवसेना के साथ हुआ, उसके बाद वही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के साथ भी हुआ। भविष्य में यही किसी अन्य दल के साथ भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया से लोकतंत्र को गहरा नुकसान पहुंचा है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है, यह सवाल उठना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि शिवसेना को समय रहते न्याय मिल गया होता, तो आज देश की राजनीतिक स्थिति ऐसी नहीं होती। अब ३० तारीख को सुनवाई निर्धारित है, लेकिन सुनवाई के लिए पर्याप्त समय मिलेगा या नहीं और न्याय मिलेगा या नहीं, यही सबसे बड़ा प्रश्न है।

‘ऑपरेशन देवेंद्र’ देश के लिए भी खतरनाक

आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में चल रहा कथित ‘ऑपरेशन देवेंद्र’ केवल राज्य के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए भी खतरनाक है। उनके अनुसार, इससे राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो रही है। राजनीतिक दलों को तोड़ना, विधायकों की खरीद-फरोख्त करना और आज किसी के साथ तो कल किसी और के साथ जाने जैसी राजनीति लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि भाजपा और शिंदे गुट चाहे जितनी भी तोड़-फोड़ कर लें या विधायक-सांसदों को अपने साथ मिला लें, जनता आज भी शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व पर विश्वास करती है। शिवसेना को अपने काम पर भरोसा है और पार्टी के विधायकों को अपने संगठन तथा जनता पर पूरा विश्वास है।

अन्य समाचार