-तमिलनाडु में बड़ा सियासी विस्फोट
-विजय की सरकार गिराने की साजिश का खुला राज
-फोन करने वाले ने टीवीके विधायक इलैयाराजा को बताया कि तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ एक प्रस्ताव लाया जाएगा और उनसे सत्तारूढ़ दल का सदस्य होने के बावजूद एक विशेष तरीके से मतदान करने को कहा।
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
तमिलनाडु की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अभिनेता से नेता बने विजय के नेतृत्व वाले टीवीके विधायक ने दावा किया है कि उन्हें सदन अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्तावित विधानसभा प्रस्ताव पर अपना वोट प्रभावित करने के लिए ३५ करोड़ रुपए की पेशकश की गई थी।
दरअसल, टीवीके विधायक एन. इलैयाराजा की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक कंसल्टेंसी फर्म के कर्मचारी समेत ३ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार डीएमके नेता सेंथिल बालाजी और उनके भाई वी अशोक कुमार से जुड़े बताए जा रहे हैं। सूत्रों के हवाले से बताया कि इस साजिश में टीवीके के १५ विधायकों के एक साथ इस्तीफे की साजिश रचकर सरकार को गिराने की योजना शामिल थी। टीवीके विधायक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने जांच शुरू की और एक कंसल्टेंसी फर्म के कर्मचारी को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान, अधिकारियों को डीएमके विधायक सेंथिल बालाजी से संबंध होने की खबर मिली। इसके बाद दो और लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। एन. इलैयाराजा द्वारा चेन्नई पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि आईपीडीएस नामक परामर्श फर्म के एक व्यक्ति ने उन्हें तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर (जो टीवीके नेता हैं) के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए ३५ करोड़ रुपए की पेशकश की थी।
पुलिस को दर्ज कराई शिकायत
२९ जून को विधायक इलैयाराजा द्वारा चेन्नई पुलिस आयुक्त के पास दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, थिरुनावुक्करासु नामक एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि वह इंडियन पॉलिटिकल डेमोक्रेटिक स्ट्रैटेजीज (आईपीडीएस) नामक एक जनमत सर्वेक्षण संगठन का प्रमुख है और वह एक प्रमुख राजनीतिक दल के सदस्यों की ओर से लोगों से संपर्क कर रहा है।
हॉर्स ट्रेडिंग मामले में ३ लोग गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में ३ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनका नाम नरेश और त्यागराजन है। टीवीके नेता ने दावा किया है कि आरोपियों में से एक नरेश सीधे सेंथिल बालाजी के भाई अशोक कुमार के संपर्क में था। नरेश हर दिन अशोक से इस बारे में बात करता था कि किस विधायक को कितनी रकम की पेशकश करनी है। इस मामले की विस्तृत जांच होगी।
