मुख्यपृष्ठनए समाचारलखनऊ में उतारी गईं नेपाल जाने वाली फ्लाइट

लखनऊ में उतारी गईं नेपाल जाने वाली फ्लाइट

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों के बीच राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद करना पड़ा है। काठमांडू जाने वाले विमानों को डायवर्ट कर लखनऊ में उतारा जा रहा है। सोमवार को सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया। ऐसे स्थिति में भारत से नेपाल जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुईं। काठमांडू जाने वाले विमानों को डायवर्ट कर लखनऊ में उतारा गया है। 4 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड कराई गई हैं।

दिल्ली से काठमांडू जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-1153 लखनऊ डायवर्ट की गई। इसमें 160 यात्री सवार थे। दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाइ दुबई फ्लाइट FZ-539 लखनऊ में 3.25 बजे उतरी। इसी तरह, मुंबई से काठमांडू जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-1157 को लखनऊ उतारकर दिल्ली भेजा गया है। बैंकॉक से काठमांडू आ रही थाई लायन एयर फ्लाइट TLM-220 लखनऊ में 3.05 बजे उतारी गई। मुंबई वाले विमान को छोड़ बाकी सभी विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़े हैं।

एअर इंडिया और इंडिगो ने काठमांडू जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं। इंडिगो की दिल्ली और मुंबई से उड़ानें काठमांडू में उतरने के इंतजार में रहीं, लेकिन अनुमति न मिलने पर उन्हें लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। नेपाल के नागरिक उड्डयन अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाई गई आग से उठे धुएं के कारण हवाईअड्डे के दक्षिणी हिस्से से आने वाली उड़ानों की लैंडिंग रोक दी गई। इस दौरान कई भारतीय विमान नेपाल के ऊपर चक्कर काट रहे थे।”

अन्य समाचार