-राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विपक्ष का विस्फोटक हमला
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चोरी के आरोपों ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। मामले को लेकर विपक्ष ने केंद्र और बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस राम मंदिर को आस्था का प्रतीक बताकर राजनीति की गई, आज उसी मंदिर की दान पेटी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि इतिहास में महमूद गजनवी ने सोमनाथ को लूटा था, लेकिन अब बीजेपी राम के नाम पर बने मंदिर की व्यवस्था को ही लूट का अड्डा बना रही है।
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और उससे जुड़े लोगों पर भूमि खरीद में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मंदिर परिसर के आसपास कई जमीनें बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर खरीदी गईं। साथ ही, राम मंदिर दान में गड़बड़ी मामले में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। संजय सिंह ने बेहद तीखा बयान देते हुए कहा कि महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर लूटा था, बीजेपी राम मंदिर लूट रही है। संजय सिंह के मुताबिक, किसानों से जमीन कम रेट पर अधिग्रहित की गई, जबकि ट्रस्ट की तरफ से उसी इलाके में जमीन कई गुना अधिक कीमत पर खरीदी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को प्रति बिस्वा करीब ४.४० लाख रुपये दिए गए, जबकि जमीन खरीद में प्रति बिस्वा करीब ४७ लाख रुपये तक भुगतान किया गया।
अयोध्या में चढ़ावा चोरी पर बोली सपा
श्रीराम हैं भाजपा से खफा!
अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के मामले को लेकर सरकार और भारतीय जनता पार्टी को घेरा है। सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद अब भारतीय जनता पार्टी से पूरी तरह हट चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर भगवान राम भाजपा के साथ होते, तो लोकसभा चुनाव २०२४ में उनका सूपड़ा साफ नहीं होता।
रामलला की चरण पादुकाएं व हार भी चोरी?
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी के मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच यह जानकारी सामने आई है कि रामलला के हार और उनकी चरण पादुका भी गायब है। आशंका जताई जा रही है कि वो भी चोरी हो गए हैं।
