-३७२ रन का पहाड़, ८४ पर ४ विकेट; आखिरी दिन भारत को चाहिए सिर्फ ६ विकेट
गॉल। भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट के चौथे दिन टीम इंडिया ने मुकाबले पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। भारत ने श्रीलंका के सामने ३७२ रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा है। जवाब में श्रीलंकाई टीम दिन का खेल खत्म होने तक ८४ रन पर ४ विकेट गवां चुकी है। अब मेजबान टीम को जीत के लिए २८८ रन और चाहिए, जबकि भारत को जीत के लिए सिर्फ ६ विकेट की दरकार है। आखिरी दिन मुकाबला पूरी तरह भारतीय गेंदबाजों के हाथ में नजर आ रहा है। श्रीलंका की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। निशान मदुष्का ६, कमिंदु मेंडिस २ और पसिंदु सूरियाबंदारा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। लाहिरू उदारा भी १६ रन से आगे नहीं बढ़ सके। भारत की ओर से मानव सुथार ने दो विकेट झटककर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली। हालांकि, धनंजय डी सिल्वा ने ३१ और सोनल दिनुशा ने २५ रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों नाबाद लौटे, लेकिन उनके सामने अब चौथे दिन की रात और आखिरी दिन भारतीय स्पिन व तेज गेंदबाजी की बड़ी चुनौती होगी। इससे पहले भारत की दूसरी पारी ४८.५ ओवर में १९३ रन पर सिमट गई। असिथा फर्नांडो ने चार और प्रभात जयसूर्या ने तीन विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया।
