मुख्यपृष्ठअपराधप्रयागराज पुलिस लाइन में गोली लगने से हेड कांस्टेबल की मौत

प्रयागराज पुलिस लाइन में गोली लगने से हेड कांस्टेबल की मौत

 -दुर्घटना या आत्महत्या की आशंका?..घटना की वजह स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस

राजेश सरकार / प्रयागराज

पुलिस लाइन परिसर में बुधवार दोपहर गोली लगने से 2011 बैच के हेड कांस्टेबल अजय मौर्या की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अजय मौर्या न्यायिक अधिकारी की सुरक्षा में तैनात थे और पुलिस लाइन परिसर स्थित सरकारी आवास में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह मूल रूप से वाराणसी जिले के चोलापुर क्षेत्र के निवासी थे।
सरकारी शस्त्र से चली गोली
घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर (एलओ) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी विवेक यादव के मुताबिक, सरकारी शस्त्र से अचानक गोली चलने के कारण यह घटना हुई। शुरुआती तौर पर इसे दुर्घटनावश गोली चलने का मामला बताया गया है।
मौत की वजह पर स्थिति स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि गोली अजय मौर्या की गर्दन के दाहिने हिस्से में लगी थी। वहीं, घटना को लेकर आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मौत की परिस्थितियों और गोली चलने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

अन्य समाचार