-चार यात्री घायल, लोगों का बस चालक पर फूटा गुस्सा
दृप्ति झा / मुंबई
चेंबूर के छेड़ा नगर सिग्नल के पास बुधवार सुबह करीब 6:55 बजे मुलुंड डिपो की एक बेस्ट बस और टैंकर के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें दो महिलाओं समेत चार यात्री घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूट नंबर A-373/32 की यह बस (क्रमांक 7363) वैशाली नगर से माहुल की ओर जा रही थी, तभी सिग्नल के पास अचानक एक मोटरसाइकिल बस के सामने आ गई। मोटरसाइकिल को बचाने के लिए चालक ने जैसे ही ब्रेक लगाकर बस रोकी, पीछे से मुंबई से वाशी की ओर जा रहे एक टैंकर ने बस के दाहिने हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर से बस की तीन खिड़कियों के कांच टूट गए और अंदर बैठे यात्रियों को चोटें आईं। घायलों में 14 वर्षीय भाग्यश्री खेडकर और 22 वर्षीय अदिति कोयंडे शामिल हैं, जिन्हें बस कंडक्टर ने तुरंत राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य दो घायलों में से एक ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया और दूसरे को परिजन दूसरे अस्पताल ले गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और टैंकर को तिलक नगर पुलिस थाने में लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे ट्रैफिक पुलिस ने सुचारू कराया। अब आगे इस मामले की जांच जारी है।
