सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
साढ़े तीन माह से लंबित सुल्तानपुर बार एसोसिएशन का चुनाव आखिरकार पूर्ण होने के संभावना प्रबल हो गई है। तमाम विवादों से गुजर रही चुनाव प्रक्रिया को देखते हुए अंततः बुधवार को उच्चन्यायालय के निर्देश पर जिला न्यायाधीश की देखरेख में जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। अब गुरुवार को वोटों की गिनती के बाद चुनाव परिणाम घोषित किये जाएंगे।
नगर के खुर्शीद क्लब स्थित भारतरत्न अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में जिला न्यायाधीश द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी अपर जिला जज श्याम मोहन जायसवाल की मॉनिटरिंग में अध्यक्ष व सचिव सहित ६३ विभिन्न पदों के लिये अधिवक्ताओं ने वोट डाले। सुबह दस से शाम पांच बजे तक २०८० में से १७७१ अधिवक्ताओं ने वोट डाला। मतगणना १५ अक्टूबर को सुबह दस बजे से होगी। जिसके लिये मतदान प्रबंधन की तरह ही मतगणना के लिये भी न्यायालय कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बता दें कि ट्रेजरार पद पर इकलौता प्रत्याशी होने के कारण शशि सिंह व वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिये सरोज सिंह का निर्विरोध निर्वाचित होना लगभग तय है। मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी व उच्चन्यायालय को सूचित किया जाएगा।
