-सुल्तानपुर में धराए गिरोह के सात सदस्य, सभी गोरखपुर के !
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
लंबे समय से यूपी के पूर्वांचल में एक्सप्रेस-वे पर रात के समय सड़क किनारे खड़े ट्रकों से लंबा माल उड़ाने वाला गोरखपुरिया गिरोह आखिरकार सुल्तानपुर जिले में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बुधवार को इस गिरोह के सात सदस्य धर लिए गए। ये गिरोह चारपहिया वाहनों से एक्सप्रेस-वे पर शिकार की तलाश में घूमता रहता था और ट्रक चालकों के सो जाने पर उनके वाहनों को निशाना बनाता था।
बुधवार को सेउर गांव के दक्षिण स्थित अंडरपास के नीचे से हुई गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक लाख सात हजार चार सौ रुपये नकद, दो कारें, दो तमंचे, चार कारतूस, एक चाकू और चोरी का बताया जा रहा सामान बरामद किया। ११५ लीटर धारा ब्रांड सरसों का तेल, चार इन्वर्टर, ई-रिक्शा की चार बैटरियां, नेस्ले दूध पाउडर के ७२ पैकेट, सजावटी झालर के १० कार्टन, अंग्रेजी शराब की २२८ बोतलें, देशी शराब के ३१५ पाउच/बोतलें और श्रीराम सुपर-३०३ गेहूं बीज की १८ बोरियां शामिल हैं। प्रत्येक बोरी में २०किलोग्राम बीज था।
ये गोरखपुरिया गिरोह गत चार अगस्त को सामने आया था। जब मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र के गुलाबपुर कल्होर पाछा निवासी धर्मपाल सिंह ने सुल्तानपुर के कूरेभार थाने की पुलिस को बताया था कि वह ट्रक लेकर जयपुर से बिहार के पूर्णिया जा रहे थे। ट्रक में मदर डेयरी फ्रूट्स एंड वेजिटेबल्स प्राइवेट लिमिटेड से लोड किए गए धारा ब्रांड सरसों के तेल के २३५५ डिब्बे थे।
तीन अगस्त की आधी रात नींद आने पर चालक ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ट्रक किनारे खड़ा कर दिया और सो गया। चार अगस्त की भोर में बजे अन्य वाहन चालकों ने उन्हें जगाया। इसके बाद ट्रक का तिरपाल और रस्सियां कटी होने तथा माल गायब होने की जानकारी मिली। शिकायत के आधार पर कूरेभार थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर धनपतगंज क्षेत्र के किलोमीटर 110.04, 109 और 108 के पास हुई चोरी की घटनाओं से भी सामने आया है। इसके अलावा गोसाईंगंज क्षेत्र में भगवानपुर अंडरपास और फुलौना के पास हुई चोरी की घटनाओं में भी उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में धनपतगंज थाने में मुकदमा संख्या 70/2026, 27/2026 और 84/2026 तथा गोसाईंगंज थाने में मुकदमा संख्या 174/2026 दर्ज है। आरोपियों से बरामद सामान और अलग-अलग घटनाओं में उनकी भूमिका के संबंध में आगे की जांच जारी है। गिरफ्तारी के दौरान काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो और सफेद रंग की अर्टिगा कार बरामद की गई। अर्टिगा का पंजीकरण नंबर UP72CJ3114 है। पुलिस ने एक टॉर्च मिलने की भी जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सातों आरोपी गोरखपुर जिले के निवासी हैं। उनकी पहचान अमरजीत निषाद (30), सूर्यभान सिंह (22), अतुल निषाद (19), हिमांशु साहनी (26), विजय निषाद (35), शिवनाथ मद्धेशिया उर्फ बमबम (38) और गोवर्धन मद्धेशिया उर्फ भेलई (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के पते गीडा, शाहपुर, गुलरिहा और खजनी थाना क्षेत्रों में बताए हैं।पुलिस कप्तान विनीत जायसवाल के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह और क्षेत्राधिकारी बल्दीराय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। टीम में कूरेभार थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, स्वाट-सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक शिवानंद यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव और उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
