मुख्यपृष्ठअपराधमुंबई में दबोचा गया पंजाब हत्याकांड का आरोपी

मुंबई में दबोचा गया पंजाब हत्याकांड का आरोपी

-विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर हत्या के लिए हथियार और फंडिंग

सामना संवाददाता / मुंबई

पंजाबी इन्फ्लुएंसर व मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू उर्फ मधुसूदन हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने मुंबई एटीएस के साथ मिलकर की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 पिस्टल, 5 मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए हैं। अमृतसर में 3 अक्टूबर को मैड संधू की हत्या की गई थी। वह लोहरका रोड स्थित एक कार-वॉशिंग पॉइंट पर अपनी कार लेने पहुंचे थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उनके सीने से सटाकर गोलियां मारीं। गंभीर रूप से घायल मधुसूदन को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस मामले में अब तक 10 के करीब गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जोबनप्रीत विदेशी धरती पर बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहा था। उस पर शूटरों तक हथियार पहुंचाने, वारदातों के लिए फंडिंग करने और अन्य लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करवाने में भूमिका निभाने का आरोप है।पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे गिरोह की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि हथियारों और पैसों की व्यवस्था कहां से की जाती थी और विदेश में बैठे हैंडलर्स के साथ आरोपियों के संपर्क किस तरह बने हुए थे।

अन्य समाचार