मुख्यपृष्ठनए समाचारअवैध बैनरों से बदरंग हुई मुंबई!..मनपा की कार्रवाई बेअसर

अवैध बैनरों से बदरंग हुई मुंबई!..मनपा की कार्रवाई बेअसर

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई की सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध बैनरों, पोस्टरों और होर्डिंग्स का जाल शहर की सुंदरता को बदरंग कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि मनपा द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद अवैध प्रचार बैनर्स पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मनपा की कार्रवाई का असर जमीन पर क्यों नहीं दिख रहा है? क्या प्रशासन को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है? मनपा के लाइसेंस विभाग की ओर से ८ से १३ अक्टूबर २०२६ के बीच चलाए गए विशेष अभियान में कुल २,२९१ अवैध बैनर, बोर्ड, पोस्टर और झंडे हटाए गए। इनमें १,४४२ बैनर, ६७३ बोर्ड, १३३ पोस्टर और ३५ झंडे शामिल हैं। हटाए गए बैनरों में ७४८ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों से संबंधित, ४३६ राजनीतिक और २५८ व्यावसायिक बैनर थे। इसी तरह ६७३ बोर्डों में ३३६ धार्मिक एवं सामाजिक, २२६ राजनीतिक और १११ व्यावसायिक बोर्ड शामिल रहे। इन आंकड़ों से साफ है कि नियमों की धज्जियां उड़ाकर शहर के सार्वजनिक स्थानों का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया जा रहा है।
कार्रवाई के आंकड़े बड़े, लेकिन नतीजे कहां?
मनपा प्रशासन ने अवैध प्रचार सामग्री हटाने के साथ संबंधित पुलिस थानों को १३ शिकायती पत्र भेजे और चार मामलों में एफआईआर अथवा अभियोजन की कार्रवाई की। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में अवैध बैनर और बोर्ड हटाए जाने के बावजूद समस्या का बने रहना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

अन्य समाचार