मुख्यपृष्ठनए समाचारइंसानियत शर्मसार!

इंसानियत शर्मसार!

– ४० हजार में नवजात का सौदा
-छह लोगों पर केस दर्ज, संबंधित निजी अस्पताल सील

सामना संवाददाता / मुंबई

नालासोपारा में नवजात बच्चों का ४० हजार रुपए में सौदा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां १७ वर्षीय नाबालिग लड़की की अवैध रूप से समय से पहले प्रसूति कराई गई और अगले ही दिन उसके नवजात बच्चे को ४० हजार रुपए में बेचने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी २२ वर्षीय युवक, लड़की की मां, एक महिला पड़ोसी, प्रसूति कराने वाली डॉक्टर और कथित तौर पर बच्चे को खरीदने वाला दंपति शामिल है। घटना सामने आने के बाद वसई-विरार महानगरपालिका ने संबंधित निजी अस्पताल को सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, नालासोपारा पूर्व में रहने वाली नाबालिग लड़की गर्भवती हो गई थी। इसके बाद उसकी मां उसे संतोष भुवन स्थित सूर्या अस्पताल लेकर गई। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने समय से पहले प्रसूति कराई। इसके अगले ही दिन नवजात को ४० हजार रुपए में एक दंपति को सौंप दिया गया।
प्रसूति के बाद लड़की को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि, अगले दिन पेट में तेज दर्द होने पर उसे वसई-विरार महानगरपालिका के तुलिंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों की जांच में हाल ही में प्रसूति होने का पता चला। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक को पॉक्सो कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, जिस दंपति ने बच्चा खरीदा, उनकी शादी को १४ वर्ष हो चुके थे और उनके कोई संतान नहीं थी।
निःसंतान दंपति ने खरीदा बच्चा!
पुलिस के अनुसार, नवजात को कथित तौर पर ४० हजार रुपए में खरीदने वाले दंपति की शादी को १४ वर्ष हो चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि बच्चे को सौंपने की प्रक्रिया में किन लोगों की क्या भूमिका थी।

अन्य समाचार