सामना संवाददाता / मुंबई
नरसी मोनजी महाविद्यालय के कनिष्ठ विभाग के हिंदी साहित्य मंडल द्वारा मंगलवार को भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि निर्णायक मंडल में डॉ. कृष्ण कुमार मिश्र और डॉ. मुकेश गौतम की उपस्थिति ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि दोनों ही निर्णायकों की रचनाएं बारहवीं कक्षा के हिंदी पाठ्यक्रम में शामिल हैं, जिससे छात्रों में अपने रचनाकारों को प्रत्यक्ष देखने का उत्साह दोगुना हो गया।
प्रतियोगिता में कुल ३३ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद अनुष्का रैना ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया, जबकि द्वितीय स्थान सानवी यादव और तृतीय स्थान प्राची चौरसिया ने प्राप्त किया। प्रोत्साहन पुरस्कार यात्री घोड़ा और इशान चौरसिया को प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन हिंदी साहित्य मंडल के सचिव श्रीराम साहु और प्राची चौरसिया ने कुशलतापूर्वक किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ममता झा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पराग अजगावकर, उपप्रधानाचार्या भावना मेनन तथा एस.वी.के.एम. ने किया। कार्यक्रम में डॉ. प्रीति, राजकुमार, लेविंडा अलफोंसो और डॉ. सविता नायक भी उपस्थित रहे।
