मुख्यपृष्ठनए समाचार`भारत-पाक से कहा था, अगर न्यूक्लियर युद्ध हुआ तो ३५०% टैरिफ लगाऊंगा!'...

`भारत-पाक से कहा था, अगर न्यूक्लियर युद्ध हुआ तो ३५०% टैरिफ लगाऊंगा!’ …डोनाल्ड के नए दावे ने खोली `५६ इंची’ पीएम की पोल

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने के लिए दोनों देशों पर ३५० परसेंट टैरिफ लगाने की धमकी दी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन करके कहा, `हम युद्ध नहीं करेंगे।’

सामना संवाददाता / नई दिल्ली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने भारत एवं पाकिस्तान को ३५० प्रतिशत शुल्क लगाने की धमकी देकर उनके बीच जारी हमलों को रुकवाया था और इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन करके कहा था कि हम युद्ध नहीं करेंगे। ट्रंप ६० से अधिक बार इस दावे को दोहरा चुके हैं कि उन्होंने इस साल मई में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव `शांत करने में मदद की’ जबकि भारत किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप के दावे को लगातार नकारता रहा है।
ट्रंप ने बुधवार को कहा, `मैं झगड़े सुलझाने में अच्छा हूं और हमेशा से ऐसा रहा हूं। मैंने पिछले कुछ साल में यहां तक कि इससे पहले भी इस दिशा में बहुत अच्छा काम किया है। मैं अलग-अलग लड़ाइयों के बारे में बात कर रहा हूं। भारत, पाकिस्तान, वे परमाणु हथियारों से हमले करने वाले थे।’ ट्रंप ने ‘अमेरिका-सऊदी निवेश मंच’ में दावा किया कि उन्होंने परमाणु हथियार रखने वाले दोनों पड़ोसी देशों से कहा था कि वे `युद्ध जारी रख सकते हैं लेकिन मैं दोनों देशों पर ३५० प्रतिशत शुल्क लगा रहा हूं। वे अमेरिका के साथ अब व्यापार नहीं कर पाएंगे।’ ‘अमेरिका-सऊदी निवेश मंच’ में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान भी शामिल हुए। ट्रंप ने दावा किया कि भारत और पाकिस्तान दोनों ने उनसे ऐसा नहीं करने के लिए कहा था। अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, उन्होंने दोनों देशों से कहा था, `मैं यह करने (शुल्क लगाने) जा रहा हूं…मैं नहीं चाहता कि आप लोग एक-दूसरे के खिलाफ परमाणु हथियार का इस्तेमाल करें, लाखों लोग मारे जाएं और लॉस एंजिलिस पर परमाणु धूल उड़े।’ ट्रंप ने आगे कहा कि वह `पूरी तरह तैयार’ थे और उन्होंने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से कहा था कि वह (संघर्ष को) समाप्त करने के लिए ३५० प्रतिशत शुल्क लगाएंगे और अगर दोनों देश युद्ध रोक देते हैं, तो `हम एक अच्छा व्यापार समझौता करेंगे।’ ट्रंप ने कहा, `कोई अन्य राष्ट्रपति ऐसा नहीं करता… आठ में से पांच युद्ध, व्यापार और शुल्क की वजह से सुलझे। मैंने यह किया।’

अन्य समाचार