सामना संवाददाता / लखनऊ
बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार पर राहुल गांधी आैर आरजेडी की तरफ से सवाल उठाए जाने के बाद बीएसपी अध्यक्ष बहन मायावती ने भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। बीएसपी ने साल २०२० के विधानसभा चुनाव की तरह इस बार २०२५ के विधानसभा चुनाव में भी एक सीट पर जीत हासिल की है, जिसको लेकर मायावती ने सवाल खड़ा किया है।
बीएसपी प्रमुख मायावती ने ‘एक्स’ पर लिखा कि मैं बिहार विधानसभा के हाल में हुए चुनाव में वैâमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर बसपा के उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव को जीत दिलाने के लिए पार्टी के सभी सदस्यों को बधाई देती हूं तथा उनका तहेदिल से आभार प्रकट करती हूं। उन्होंने कहा कि वहां के प्रशासन एवं सभी विरोधी दलों ने मतों की गिनती बार-बार कराने के बहाने बसपा उम्मीदवार को हराने का पूरा प्रयास किया, लेकिन पार्टी के बहादुर कार्यकर्ताओं के पूरे समय डटे रहने के कारण विरोधियों का यह षड्यंत्र सफल नहीं हो सका। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के इस क्षेत्र की अन्य सीट पर विरोधियों को कांटे की टक्कर देने के बावजूद बीएसपी उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत सके, जबकि अगर चुनाव पूरी तरह से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष होता तो लोगों से मिली प्रतिक्रिया के अनुसार बीएसपी और भी कई सीट जरूर जीतती। उन्होंने कहा कि लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घबराएं नहीं तथा आगे और भी अधिक तैयारी के साथ काम करें।
