आलिया भट्ट जल्द ही फिल्म ‘अल्फा’ में नजर आने वाली हैं। अपने १४ साल के करियर में उन्होंने कई हिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं और इंडस्ट्री में अपनी दमदार एक्टिंग से मजबूत पहचान बनाई है। हालांकि, उनकी सफलता के साथ-साथ अक्सर नेपोटिज्म को लेकर भी चर्चा होती रही है। आलिया पर कई बार फिल्मी बैकग्राउंड से आने के कारण ‘स्टार किड’ और ‘नेपोटिज्म’ जैसे तंज कसे गए हैं। गौरतलब है कि वह दिग्गज निर्देशक महेश भट्ट की बेटी हैं, जबकि उनकी मां सोनी राजदान एक्ट्रेस हैं। इसके अलावा इमरान हाशमी और मोहित सूरी जैसे रिश्तेदार भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं। उन्होंने करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से डेब्यू किया था, जिसके बाद भी नेपोटिज्म की बहस तेज हुई थी। इस मुद्दे पर आलिया ने एक इंटरव्यू में कहा था कि ‘मैं हर बार सफाई पेश नहीं कर सकती। अगर आपको मैं पसंद नहीं हूं, तो मुझे मत देखिए। इसमें मैं कुछ नहीं कर सकती। लोगों के पास हमेशा कुछ न कुछ कहने के लिए होता है। उम्मीद है कि अपनी फिल्मों के जरिए मैं साबित कर पाऊंगी कि मैं जिस जगह पर हूं, उसकी हकदार हूं।’ वहीं, एक अन्य इंटरव्यू में आलिया ने माना कि वह अपने प्रिविलेज को स्वीकार करती हैं और इसलिए हर दिन अपने काम में १०० प्रतिशत देने की कोशिश करती हैं।
