सामना संवाददाता / ठाणे
मुंबई और ठाणे में अवैध निर्माणों की भरमार है और लाख कोशिशों के बावजूद इसे रोक पाने में दोनों ही मनपाएं नाकाम रही हैं। अब ठाणे मनपा इस पर रोक लगाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने जा रही है। यह तकनीक है एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस। इसके तहत शहर में होनेवाले अवैध निर्माणों पर एआई की मदद से नजर रखी जाएगी।
ठाणे मनपा के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इसके लिए एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और ब्लॉकचेन तकनीक का इस्तेमाल करने का पैâसला किया गया है। इसके तहत मनपा आयुक्त ने एक मोबाइल एप्लिकेशन और व्हॉट्सऐप चैटबॉट विकसित करने के प्रस्ताव को प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दे दी है इसलिए अब शहर में अवैध निर्माणों पर एआई की नजर रहेगी। बता दें कि ठाणे में अवैध निर्माणों का मुद्दा हमेशा से चर्चा का विषय रहा है।
अदालत ने लगाई थी फटकार
दिवा इलाके में अवैध निर्माणों के मुद्दे पर अदालत ने मनपा को फटकार लगाई थी। बताया जाता है कि इसके बाद ठाणे मनपा ने मामले को गंभीरता से लिया है और अवैध इमारतों के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद भविष्य में शहर में नए अवैध निर्माणों को रोकने के लिए कदम उठाए हैं। इसके तहत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने का आदेश दिया गया है ताकि शहर में कोई नया अवैध निर्माण शुरू न हो।
तुरंत होगी कार्रवाई
अगर अवैध निर्माण पाया जाता है तो कानूनी प्रक्रिया पूरी करके तुरंत कार्रवाई की जाएगी। एआई की नई प्रणाली के माध्यम से, नागरिकों के लिए अवैध निर्माणों की शिकायत दर्ज कराना आसान हो जाएगा और शिकायत दर्ज कराने वाले नागरिकों की गूगल लोकेशन सीधे संबंधित विभाग को भेज दी जाएगी।
