मुख्यपृष्ठनए समाचारमामा के विदिशा में जिला पंचायत ने जनता को बनाया मामू

मामा के विदिशा में जिला पंचायत ने जनता को बनाया मामू

दीपक तिवारी/विदिशा

मेहगांव बालाजी मंदिर के श्रद्धालुओं को ग्राम सोठिया में सड़क पर बह रहे गंदे पानी के कारण हो रही परेशानी को लेकर 6 माह पहले विदिशा की राजनीति में जमकर भूचाल आया था, लेकिन हालात आज भी ज्यों के त्यों हैं। जबकि जिला पंचायत ने इस परेशानी को दूर करने लगभग 2 लाख रुपए खर्च किए थे। घटिया काम के चलते परेशानी बरकरार है।

विदिशा जिले की सत्ताधारी भाजपा पार्टी में इसी साल जनवरी की ठंड में सोठिया ग्राम के सीवेज के पानी ने कोहराम मचा दिया था, जमकर राजनीतिक ड्रामा हुआ था, पदयात्रा निकली, नोटिसबाजी हुई, मामला मीडिया की सुर्खियों में रहा और हालत यह है कि 6 माह बाद भी नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है।

विदिशा और रायसेन जिलों में जमकर खलबली मचा देने वाले इस मामले में जिला पंचायत के एक अधिकारी का आडियो वायरल होने से लेकर भाजपा अध्यक्ष ने दो निर्वाचित महिला पदाधिकारियों सहित उनके पतियों को शो काज नोटिस देकर आग में घी डालने का काम किया था। लेकिन हुआ क्या? समस्या का स्थाई समाधान आज तक नहीं हुआ। विदिशा विधायक 16 लाख रुपए देने की घोषणा सोठिया ग्राम में कर आए थे, लेकिन एक धेला नहीं दिया।

राजनैतिक दबाव के कारण आनन-फानन में जिला पंचायत ने लगभग दो लाख रुपए खर्च कर दिए थे, लेकिन नालियों का पानी आज भी सड़क पर भर रहा है। धर्म के नाम पर जमकर हो हल्ला मचा और संबंधित अधिकारियों ने केवल खानापूर्ति की। जनता का पैसा है और उसी को सब मामू बना रहे हैं।

अन्य समाचार