मुख्यपृष्ठनए समाचारजनसुरक्षा कानून के विरोध में सड़क पर ‘इंडिया'! ...शिवसेना के नेतृत्व में...

जनसुरक्षा कानून के विरोध में सड़क पर ‘इंडिया’! …शिवसेना के नेतृत्व में मविआ का शिवाजी पार्क पर आंदोलन

सामना संवाददाता / मुंबई
शहरी नक्सलवाद का हवाला देकर राज्य की महायुति सरकार द्वारा लाया गया जनसुरक्षा कानून दरअसल आम जनता की आवाज को दबाने वाला संविधान विरोधी कानून है। इस अत्याचारी जनसुरक्षा कानून के विरोध में ‘इंडिया’ गठबंधन ने कल राज्यव्यापी आंदोलन किया। शिवसेना की ओर से शिवाजी पार्क पर कल जोरदार प्रदर्शन किया गया।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में महाविकास आघाड़ी की ओर से प्रदर्शन किए गए। इस दौरान इस अन्यायपूर्ण कानून को वापस लेने की मांग की गई। इस आंदोलन में शिवसेना, कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, माकप, शेकाप जैसे समान विचारधारा वाले दलों और सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया।
मुंबई में शिवाजी पार्क स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति के पास महाविकास आघाड़ी और वाम दलों की ओर से आंदोलन किया गया। इस मौके पर शिवसेना विधायक महेश सावंत, विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड़, कम्युनिस्ट नेता प्रकाश रेड्डी, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजन भोसले, राजेश शर्मा, धनंजय शिंदे सहित ‘इंडिया’ गठबंधन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
विधान परिषद में कांग्रेस पार्टी के नेता सतेज पाटील के नेतृत्व में कोल्हापुर में आंदोलन किया गया। नागपुर शहर जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा वेरायटी चौक पर स्थित गांधी जी की मूर्ति के पास जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास ठाकरे के नेतृत्व में आंदोलन किया गया। छत्रपति संभाजीनगर शहर और जिला कांग्रेस कमिटी और महाविकास आघाड़ी की ओर से किए गए विरोध आंदोलन में तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।
राज्य में बुलढाणा, जालना, अमरावती, नांदेड, चंद्रपुर, पालघर, रत्नागिरी, धाराशीव, सोलापुर, लातूर, ठाणे, जलगांव, अकोला, वाशीम, नासिक, धुले सहित राज्यभर के सभी जिलों और तालुका मुख्यालयों पर महाविकास आघाड़ी के सभी मित्र दलों के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं, वाम दलों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर इस काले कानून के खिलाफ आंदोलन किया।

अन्य समाचार