भारत-पाकिस्तान क्रिकेट की तकरार अब मैदान से निकलकर पूर्व खिलाड़ियों की लीग तक पहुंच गई है। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स यानी डब्ल्यूसीएल २०२६ में पाकिस्तान चैंपियंस का पत्ता कट गया है। वजह बनी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ‘शर्तों’ वाली कहानी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी ने खिलाड़ियों को एनओसी देने के लिए कुछ शर्तें रखीं। इनमें भारतीय खिलाड़ियों से पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार करने पर लिखित माफी मांगना और भारत-पाक खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक की गारंटी जैसी बातें शामिल थीं। आयोजकों ने कुछ शर्तें मान भी लीं, लेकिन माफी और हैंडशेक पर सहमति नहीं बन सकी। नतीजा-पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से ही नाम वापस ले लिया। अब १० अक्टूबर को होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला भी रद्द हो गया। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान पिछले दोनों सीजन में उपविजेता रहा था। यानी इस बार ट्रॉफी से पहले ही ‘शर्तों के चक्कर’ में टीम का खेल खत्म!
