-वर्ल्ड चैंपियनशिप में रचा इतिहास
हांगकांग। हांगकांग में चल रही सीनियर वर्ल्ड फेंसिंग चैंपियनशिप २०२६ में भारतीय महिला तलवारबाजों ने ऐसा वार किया कि इतिहास ही बदल गया। तनिक्षा खत्री और प्राची लोहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मेन टेबल ऑफ ६४’ में जगह बना ली। इसके साथ ही दोनों इस मुकाम तक पहुंचने वाली भारत की पहली महिला ईपी फेंसर बन गई हैं। १०० से ज्यादा देशों के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच दोनों ने अपने दमदार खेल से भारतीय फेंसिंग का परचम लहरा दिया। भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव राजीव मेहता ने इसे देश के लिए ऐतिहासिक पल बताते हुए दोनों खिलाड़ियों, उनके कोच और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी। हालांकि, पुरुष फॉइल स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और कोई भी अगले दौर में नहीं पहुंच सका। अब सभी की निगाहें टीम इवेंट पर टिकी हैं, जहां भारतीय खिलाड़ी वापसी की उम्मीद के साथ उतरेंगे।
