मुख्यपृष्ठखेलहॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर भारत का ‘पंच’!

हॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर भारत का ‘पंच’!

-५-३ से रौंदकर टॉप-८ में टीम इंडिया
– पाकिस्तान का बोरिया-बिस्तर बंधा

एम्सटेलवीन। हॉकी के मैदान पर भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान पर अपनी बादशाहत कायम कर दी। एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप के बेहद अहम पूल-डी मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को ५-३ से हराकर अगले दौर में जगह पक्की कर ली। इस हार के साथ पाकिस्तान का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया। भारत तीन मैचों में छह अंक लेकर पूल-डी में इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर रहा।
वेगनर हॉकी स्टेडियम में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने दो-दो गोल, जबकि हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक से एक गोल दागा। पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने दो और सुफियान खान ने एक गोल किया। भारत ने एक समय ३-० की बढ़त बनाकर पाकिस्तान को जबर्दस्त दबाव में डाल दिया था। पाकिस्तान ने दूसरे क्वार्टर में पलटवार की कोशिश की, लेकिन भारतीय आक्रमण ने हर बार उसकी वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हाफ टाइम तक भारत ४-२ से आगे था। हार्दिक के गोल से अंतर फिर ५-२ हो गया। आखिरी क्वार्टर में हन्नान शाहिद ने पाकिस्तान का तीसरा गोल कर मुकाबले को ५-३ किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद कोई रास्ता नहीं दिया। आखिरी पांच मिनट भारत को दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, इसके बावजूद पाकिस्तान फायदा नहीं उठा सका।
भारत ने विश्व कप की शुरुआत वेल्स को ३-१ से हराकर की थी, जबकि दूसरे मैच में इंग्लैंड से १-४ की हार मिली थी। पाकिस्तान के खिलाफ जीत जरूरी दबाव को खत्म करते हुए भारत को अगले दौर में ले गई।

अन्य समाचार