भारत ने होबार्ट में खेले गए तीसरे टी२० अंतर्राष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया। टीम इंडिया को यह जीत वॉशिंगटन सुंदर की बेहतरीन नाबाद ४९ रन की पारी और अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मिली। भारत ने १८७ रनों का लक्ष्य नौ गेंदें बाकी रहते ही हासिल कर लिया। सुंदर ने इस पारी में तीन चौके और चार छक्के जड़े। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने टिम डेविड के ७४ और मार्कस स्टोइनिस के ६४ रनों की मदद से छह विकेट पर १८६ रन बनाए। स्टोइनिस ने ३९ गेंदों में आठ चौके और दो छक्के लगाए, जबकि डेविड ने ३८ गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के मारे। पांच मैचों की सीरीज अब १-१ से बराबरी पर है, क्योंकि पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था और दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट से जीता था।
